*राज्य सरकार और व्हॉईस ऑफ मीडिया ने की 'महाराष्ट्र भूषण' पुरस्कार की घोषणा*
*वेंकटेश जोशी, वैभव वानखड़े, सीमा सिंह, डॉ. विजय दहिफले, शिवाजी बनकर को 'महाराष्ट्र भूषण' में शामिल किया गया*
*मुंबई (प्रतिनिधि):* राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले और समाज सेवा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले पांच व्यक्तियों को राज्य सरकार और व्हॉईस ऑफ मीडिया की ओर से 'महाराष्ट्र भूषण' पुरस्कार की घोषणा की गई है, जिसमें वेंकटेश जोशी, वैभव वानखड़े, सीमा सिंह, डॉ. विजय दहिफले और शिवाजी बनकर का नाम शामिल है।
समाज सेवा, शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों के चयन के लिए पुरस्कार चयन समिति ने पहल की थी। इस चयन समिति में हिवरे बाजार के सरपंच पोपटराव पवार, गोदावरी समूह की अध्यक्षा राजश्री पाटील, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकार प्रमोद कांबले और वरिष्ठ पत्रकार अशोक वानखड़े शामिल थे।
पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों का संक्षिप्त परिचय इस प्रकार है: वेंकटेश जोशी किसानों को जैविक खेती का प्रशिक्षण देते हैं। वे पिछले 20 वर्षों से मुंबई और नासिक क्षेत्र के सैकड़ों आदिवासी बस्तियों में मुफ्त दूध का वितरण कर रहे हैं। जोशी का समाज सेवा और कृषि क्षेत्र में बड़ा योगदान है। उन्होंने पूरे भारत में खेती के लिए कई प्रयोग किए हैं।
वैभव वानखड़े सालों से मराठी स्कूलों की प्रगती के लिए काम कर रहे हैं। वैभव के माध्यम से राज्य में ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों तक मदद पहुंची है। उन्होने पिछले 10 वर्षों में मराठी स्कूलों का संरक्षण, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शैक्षिक सहायता और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सीमा सिंह मुंबई की झुग्गी बस्तियों में महिलाओं, युवाओं और बच्चों के लिए पिछले 15 वर्षों से दिन-रात काम करने वाली प्रमुख व्यक्तित्व है। सीमा सिंह का सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता में बहुत बड़ा योगदान है। महिलाएं आत्मनिर्भर बनें, झुग्गी बस्तियों के बच्चों को शिक्षा मिले, स्वास्थ्य की समस्याएं दूर हों, इसके लिए उन्होंने भारत भर में कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। उन्होंने साढ़े चार हजार से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में लाया है।
डॉ. विजय दहिफले मानसिक और शारीरिक संतुलन खो चुके लाखों महिलाओं और पुरुषों के लिए आधारस्तंभ बने हैं। पिछले 25 वर्षों से वे विश्व भर में परामर्श और यौन शिक्षा के प्रचार के लिए कार्यरत हैं। ढाई लाख से अधिक बिखरे हुए परिवारों को फिर से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य उन्होंने किया है। 15 लाख से अधिक युवाओं को यौन समस्याओं से बाहर निकालने में मार्गदर्शन करते हुए उनका खोया हुआ आत्मविश्वास वापस दिलाया है।
शिवाजी बनकर एक पूर्व सैनिक हैं, जिन्होंने सेवानिवृत्ति के पश्चात मराठवाड़ा और विदर्भ के आत्महत्याग्रस्त किसानों के बच्चों को सहारा देने का महान कार्य शुरू किया। उन्होंने इन अनाथ बच्चों के लिए एक अकादमी शुरू की। बनकर ने अब तक तीन हजार से अधिक आत्महत्याग्रस्त किसानों के बच्चों का अभिभावकत्व स्वीकार किया है।
ये पाँचों व्यक्ति महाराष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। ' व्हॉईस ऑफ मीडिया' के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काले, प्रदेश अध्यक्ष अनिल म्हस्के, महासचिव दिगंबर महाले, कार्याध्यक्ष योगेंद्र दोरकर, विजय चोरडिया, मंगेश खाटीक और उपाध्यक्ष अजितदादा कुंकुलोल ने सभी 'महाराष्ट्र भूषण' पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी है। जल्द ही मुंबई में एक भव्य समारोह में इन पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा।
